gorakhpur pipiganj woman fourth lover drama
गोरखपुर में दो अलग-अलग हाईवोल्टेज ड्रामे: तीन शादियों के बाद महिला ने चौथे प्रेमी से रहने की जताई जिद, शादी के दबाव से परेशान युवक ने टावर पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से अजीबोगरीब और हाई वोल्टेज ड्रामे के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पीपीगंज पुलिस स्टेशन में जहां तीन शादियों के बाद एक 30 वर्षीय महिला अपने चौथे प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई, वहीं दूसरी तरफ गुलरिहा इलाके में शादी का दबाव बनाए जाने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा।
तीन शादियों के बाद भी महिला ने की चौथे प्रेमी से शादी की जिद

पीपीगंज नगर के एक वार्ड की रहने वाली 30 वर्षीय महिला की जिंदगी में प्यार और शादियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करीब दो साल पहले महिला के पहले पति की मौत हो गई थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी की, लेकिन कुछ ही समय बाद दूसरे पति का भी निधन हो गया। इसके बाद महिला ने संतकबीरनगर जिले में तीसरी शादी की। शादी के 4 महीने बाद वह मायके आई और फिर ससुराल जाने के बहाने लापता हो गई। मां की तहरीर पर पीपीगंज पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने करीब 6 महीने बाद महिला को उसके चौथे प्रेमी के साथ बरामद कर पीपीगंज थाने पहुंचाया।
थाने में जमकर हंगामा, प्रेमी की पत्नी ने की रो-रोकर गुहार
महिला का चौथा प्रेमी पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। जब प्रेमी की पत्नी को इस बात की खबर लगी, तो वह अपने दो छोटे बच्चों और परिवार के साथ थाने पहुंच गई। थाने में प्रेमी की पत्नी रो-रोकर बच्चों की दुहाई देती रही और महिला से अपने पति को छोड़ने की मिन्नतें करती रही। लेकिन महिला और उसका शादीशुदा प्रेमी दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। वहीं महिला का तीसरा पति उसे वापस अपनाने को तैयार नहीं हुआ। पीपीगंज चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह ने बताया कि महिला प्रेमी संग जाना चाहती है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शादी के दबाव से तंग आकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
वहीं, गोरखपुर के ही गुलरिहा थाना क्षेत्र से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां शादी का लगातार दबाव बनाए जाने से नाराज एक युवक गुरुवार शाम गांव के पास स्थित ऊंचे मोबाइल फोन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देते देख गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची डायल 112 पुलिस और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा. गुलरिहा पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


